चंडीगढ़। कांग्रेस ने हरियाणा में विधानसभा प्रत्याशियों के लिए पहली सूची जारी करते हुए 31 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा में मचे घमासान से सबक लेते हुए कांग्रेस ने दावे के उलट कम सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। जिन प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा गया है उनमें 27 मौजूदा विधायक हैं। जिसके चलते किसी प्रकार का विवाद होने की संभावना नहीं है। ऐसे में कांग्रेस ने यह सूची जारी करके संदेश देने का प्रयास किया है कि उनके घर में सब ठीक है। जिन सीटों पर विवाद की उम्मीद थी उन्हें रोक लिया गया है।
ईडी की जांच का समाना कर रहे तीनों विधायकों को हुड्डा भक्ति का फल
कांग्रेस में आने आठ घंटे के भीतर प्रत्याशी बनी विनेश फौगाट
खास बात यह है कि आज जारी हुई सूची में तीन प्रत्याशी ऐसे हैं जो ईडी की जांच का सामना कर रहे हैं। इनमें से एक तो इस समय जेल में हैं। इन तीनों को हुड्डा भक्ति का फल मिला है। तीनों के लिए कांग्रेस की बैठकों में काफी हंगामा होने की खबरें बाहर आती रही हैं। कांग्रेस द्वारा समालखा से चुनाव मैदान में मौजूदा विधायक धर्म सिंह छोकर को उतारा है। इसी प्रकार महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह तथा सोनीपत से सुरिंदर पंवार को प्रत्याशी बनाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि सुरिंदर पंवार के जेल में होने के कारण कांग्रेस उनके स्थान पर परिवार के सदस्य को चुनाव लड़वाने को लेकर मंथन करती रही है लेकिन अंतिम समय में उन्हें फिर से प्रत्याशी बना दिया गया है।
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के दौरान समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक धर्मपाल गोंदर को नीलोखेड़ी से अपना अधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसी प्रकार शाहबाद से जननायक जनता पार्टी के विधायक रामकरण काला पर कांग्रेस ने दोबारा दांव खेल दिया है। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने आज दिन में करीब दो बजे कांग्रेस में शामिल हुई विनेश फोगाट को भी पार्टी ने जुलाना से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने इसराना से मौजूदा विधायक बलवीर सिंह वाल्मीकी की सीट को होल्ड कर दिया है।