अमृतसर | शिरोमणी अकाली दल के वरिष्ठ नेता सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज आम आदमी पार्टी सरकार की निंदा करते हुए कहा कि उसने पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाकर पंजाब में आम आदमी के साथ-साथ किसानों को दंडित किया है।
यहां एक प्रेस बयान जारी करते हुए वरिष्ठ अकाली नेता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर वैट में 61पैसे और 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी से आवश्यक वस्तुओं की परिवहन लागत बढ़ जाएगी और इसके परिणामस्वरूप मंहगाई भी कई गुणा बढ़ जाएगी। उन्होने कहा कि किसान अपने खेती के कार्यों के लिए डीजल पर निर्भर करते हैं और वैट के बढ़ जाने से उनका काम बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगा।
इस बात पर जोर देते हुए कि आप पार्टी ने ईंधन पर वैट कम करने का वादा किया था, सरदार मजीठिया ने कहा, आप पार्टी की सरकार इसके ठीक विपरीत काम कर रही है। उन्होने बढ़े हुए वैट को तत्काल वापिस लेने की मांग की है।
सरदार मजीठिया ने बिजली सब्सिडी को खत्म करने को भी गलत करार दिया, जिसके तहत 7 किलोवाट तक के लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए 8 रूपये प्रति यूनिट की जगह 5 रूपये प्रति यूनिट देने पड़ते थे। उन्होने कहा कि इस कदम से लाखों उपभोक्ता प्रभावित होगें और इससे आप सरकार की आंशिक सब्सिडी योजना तबाह हो गई है।
अकाली नेता ने कहा कि आप सरकार का यह दावा कि इन कदमों से राजस्व बढ़ेगा, यह बेबुनियाद है। उन्होने कहा, आप सरकार को विज्ञापनों , पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए विमान किराए पर लेने और दूसरे राज्यों में प्रचार-प्रसार पर फिजुलखर्ची पर लगाम लगानी चाहिए। उन्होने कहा कि इस तरह की फिजुलखर्ची पर हजारों करोड़ रूपये खर्चे जा रहे हैं और अगर इन पर लगाम लगाई जाए तो सरकार को आम आदमी को दंडित करने की जरूरत नही पड़ेगी।
सरदार मजीठिया ने कहा कि आप पार्टी की सरकार ने जनविरोधी कदमों पर लगाम लगाने के बजाय वह सेवाओं में लागत बढ़ाने के साथ-साथ पिछले दरवाजे से रोड टैक्स और अन्य राजस्व करों में बढ़ोतरी कर रही है। उन्होने मांग की कि आम आदमी पर बोझ डालने वाले सभी कदमों को तत्काल वापिस लिया जाना चाहिए।