चंडीगढ़। अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ में धरना दे रहे किसानों ने पांच सितंबर तक धरना जारी रखने का ऐलान कर दिया है। किसानों द्वारा शहर के बीचो बीच धरना दिए जाने के कारण सोमवार को हजारों लोग, कर्मचारी तथा विद्यार्थी दिन भर परेशान होते रहे।
किसानों ने सोमवार की दोपहर दो बार विधानसभा की तरफ कूच करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। लंबी खींचतान के बाद किसान चंडीगढ़ के मटका चौक पर पहुंचे जहां पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने पहुंचकर किसानों से ज्ञापन लिया और बातचीत की। उन्होंने जल्द ही किसानों की मुलाकात मुख्यमंत्री भगवंत मान से करवाने का आश्वासन दिया है।
मटका चौक पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि वह उगराहां के साथ खड़े हैं। उन्होंने किसानों की मांग बिल्कुल जायज है। इसे पहल के आधार पर लागू किया जाना चाहिए। टिकैत ने कहा कि किसानों ने पांच सितंबर तक चंडीगढ़ में बैठने का ऐलान किया है। वह किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ हैं।
पांच सितंबर तक धरना जारी रखने का किया ऐलान ,विधानसभा कूच पर निकले किसानों से पंजाब के कृषि मंत्री ने लिया ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) और पंजाब खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले किसानों के एक गुट ने सेक्टर-34 मेला ग्राउंड से मटका चौक तक मार्च निकाला गया। इसमें भारी संख्या में किसान शामिल थे। मटका चौक पर पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मौके पर पहुंचकर उनका ज्ञापन लिया। उन्होंने किसान और मजदूर के संघर्ष की सराहना की है। उन्होंने कहा जो मांग पत्र यूनियनों ने दिया है। वह उनके वकील बनकर सीएम के समक्ष इसे रखेंगे। वहीं, किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि जब तक सेशन चलेगा, तब उनका मोर्चा चलेगा। मीटिंग कर आगे की रणनीति बनाएंगे। वहीं, अब किसानों को बसों में सेक्टर-34 भेजा गया। ताकि किसी तरह का जाम न लगे।
चंडीगढ़ में शुरू हुए किसान आंदोलन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस के करीब 700 कर्मचारियों तथा पैरामिल्ट्री फोर्स को तैनात किया गया है। इसके अलावा मोहाली की सीमा में पंजाब पुलिस द्वारा भी अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।