अमृतसर। डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सोमवार को अपने उत्तराधिकारी का ऐलान कर दिया है। बाबा ढिल्लों ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जसदीप सिंह गिल पुत्र सुखदेव सिंह को अपना स्थान दिया है। कहा कि जसदीप सिंह दो सितंबर से ही डेरा के मुखी का पद संभाल लेंगे और मिशन का सारा कार्यभार संभालेंगे।
जगदीप सिंह गिल को संगत को गुरु का नाम देने के भी अधिकार दिए गए है। इस संबंध में संत बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की ओर से एक पत्र भी अपने सभी मुख्य सेवकों को जारी कर दिया है। पिछले कुछ समय से बाबा गुरिंदर सिंह बीमार चले आ रहे थे। वह ह्दय रोग और कैंसर से भी पीड़ित चले आ रहे थे। जिस के चलते उनको डेरा के प्रबंधों को देखने में मुश्किल आ रही थी। इसी के चलते उन्होंने जसदीप सिंह गिल को अपना उत्तराधिकारी बनाया है।
डेरा ब्यास एक बड़ा धार्मिक स्थान है। जिसके सौ के करीब देशों में भी सेंटर और श्रद्धालु भी है। भारत में अलग अलग शहरों में हजारों की संख्या में डेरे और आश्रम है। डेरा ब्यास का राजनीति पर भी काफी प्रभाव है। पंजाब और देश की राजनीति के साथ साथ अन्य राज्यों की राजनीति को भी डेरा प्रभावित करता है। इसी के चलते देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत अलग अलग नेता समय समय पर डेरा से आर्शीवाद लेने के लिए आते रहते है।