चंडीगढ़। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा एनएचएआई अधिकारियों व ठेकेदारों के साथ हुई मारपीट के मामले में पंजाब सरकार को पत्र लिखे जाने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ठीक है। गडकरी का बयान एक साजिश का हिस्सा है। केंद्र सकरार जानबूझकर अपने प्रोजैक्टों को बंद करना चाहिए। भाजपा पंजाब से नफरत करती है। यह एक बड़े षडय़ंत्र का हिस्सा है। एनएचएआई के सभी प्रोजैक्ट बेहतर तरीके से चल रहे हैं। पंजाब के कई ग्रामी विकास तथा एनएचएम के प्रोजैक्टों के हजारों करोड़ रुपये अटके हुए हैं। इन्हें जारी करने की बजाए ध्यान भटकाया जा रहा है।
एनएचएआई अधिकारियों व ठेकेदार से मारपीट की जांच करेगी एसआईटी
इस बीच पंजाब पुलिस के आईजी मुख्यालय सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि दो मामले सामने आए थे। जिनमें केस दर्ज करके पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सुखचैन सिंह ने शनिवार को चंडीगढ़ मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। अभी तक दो मामले सामने आए हैं। अगर जरूरत पड़ी तो एनएचएआई के प्रोजैक्टों को लेकर सुरक्षा का रिव्यू किया जाएगा। पुलिस नियमानुसार अपनी कार्रवाई कर रही है।