चंडीगढ़। पंजाब में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों तथा ठेकेदारों के साथ हो रही मारपीट की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पंजाब सरकार को चेतावनी जारी की है। गडकरी ने राज्य सरकार को एक पत्र लिखकर कहा है कि एनएचएआई अधिकारियों और ठेकेदारों की सुरक्षा को लेकर सरकार कदम उठाए। अगर ऐसा ही चलता रहा तो 14 हजार 288 करोड़ रुपये की 293 किलोमीटर की परियोजना बंद हो जाएगी।
नितिन गडकरी ने सीएम को पत्र लिखकर दी चेतावनी, घटनाएं नहीं रुकी तो बंद हो सकता है दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे प्रोजैक्ट
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे पत्र में केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि उन्हें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे परियोजना पर हाल ही में हुई दो घटनाओं के बारे में पता चला है। जालंधर जिले में एक ठेकेदार के इंजीनियर को बेरहमी से पीटा गया। मैं इसकी तस्वीर भी भेज रहा हूं। हालांकि इस घटना के संबंध में एफआईआर भी दर्ज की गई है, लेकिन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। इस समय सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
दूसरी घटना लुधियाना जिले में सामने आई है। जिसमें एक ठेकेदार के कैंप पर कुछ व्यक्तियों ने हमला कर दिया। इन लोगों ने इंजीनियरों और कर्मचारियों को प्रोजेक्ट कैंप में जिंदा जलाने की कोशिश की। इस मामले में लिखित शिकायत के बाद भी अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अनुरोध किया है कि राज्य सरकार आगे होने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने और एनएचएआई अधिकारियों का विश्वास बरकरार करने के लिए अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई करें। नितिन गडकरी के अनुसार उनके संज्ञान में आया है कि स्थिति और खराब हो रही है। कोई कार्रवाई भी नहीं की गई। अगर अभी भी कोई कार्रवाई न हुई तो पंजाब में इससे पहले 103 किमी के 3263 करोड़ के प्रोजेक्ट बंद कर दिए थे। अब ऐसा ही चलता रहा तो 293 करोड़ के 14288 करोड़ के प्रोजेक्ट बंद किए जा सकते हैं।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ठीक है। गडकरी का बयान एक साजिश का हिस्सा है। केंद्र सकरार जानबूझकर अपने प्रोजैक्टों को बंद करना चाहिए। भाजपा पंजाब से नफरत करती है। पंजाब के कई प्रोजैक्टों के हजारों करोड़ रुपये अटके हुए हैं। इन्हें जारी करने की बजाए ध्यान भटकाया जा रहा है।
इस बीच पंजाब पुलिस के आईजी मुख्यालय सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि दो मामले सामने आए थे। जिनमें केस दर्ज करके पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यह आपसी विवाद का परिणाम था। पुलिस नियमानुसार अपनी कार्रवाई कर रही है।