चंडीगढ़ । यूटी क्रिकेट एसोसिएशन और चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से 26 जुलाई से शुरु होने जा रहे ऐलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट की कड़ी में बुधवार को सेक्टर 9 स्थित यूटी पुलिस मुख्यालय में टूर्नामेंट की जर्सी और कैप को लांच किया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस के आईजी आरके सिंह, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कंवरदीप कौर, सुमेर प्रताप सिंह, मृदुल, डीएसपी राम गोपाल, यूटीसीए के अध्यक्ष संजय टंडन सहित अन्य पदाधिकारी आलोक कृष्ण, रविन्द्र सिंह बिल्ला, डा. रुपेश कुमार सिंह, ऐलेंजर्स के प्रमुख आरएस कंवर तथा टूर्नामेंट की कोर कमेटी के सदस्य शामिल हुये।
टूर्नामेंट में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में कुल 300 टीमें भाग रहे हैं जो कि शहर के नौ मैदानों में मैच खेलेंगें। टूर्नामेंट मैचों के अतिरिक्त वीकएंड पर एग्जीबिशन मैच भी आयोजित किये जायेंगे जिसमें शहर के बुद्धिजीवी वर्ग भाग लेंगें। टूर्नामेंट का उद्घाटन 26 जुलाई को पंजाब के राज्यपाल व यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित करेंगे जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 11 अगस्त को खेला जायेगा। टूर्नामेंट को चंडीगढ़ पुलिस के साथ साथ नगर निगम, खेल, शिक्षा और समाजिक कल्याण विभाग का समर्थन प्राप्त है।