चंडीगढ़। पंजाब के फरीदकोट से निर्दलीय चुनाव जीतकर सांसद बने गरमपंथी सरबजीत सिंह खालसा ने पंजाब में नए राजनीतिक दल के गठन का ऐलान कर दिया है। प्रस्तावित राजनीतिक दल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल की सरप्रस्ती में काम करेगा। सरबजीत सिंह खालसा ने ऐलान किया है कि उनका दल पंजाब में होने वाले एसजीपीसी तथा विधानसभा चुनाव को लड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल सरकार में मंत्री रहे कई नेता और साफ छवि वाले लोग उनके संपर्क में हैं। उन्होंने उन्हें फोन करके कहा है कि आप पार्टी बनाइए, हम आपके साथ चलने को तैयार हैं। उन्होंने लोगों से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) चुनाव के लिए तैयार रहने और अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया है।
सरबजीत सिंह खालसा ने कहा कि जब अमृतपाल सिंह जेल से बाहर आएंगे तो हम सब मिलकर पार्टी बनाएंगे। अमृतपाल सिंह की मर्जी के मुताबिक लोगों को पार्टी सदस्य बनाया जाएगा, पार्टी उनकी सलाह से चलेगी। उन्होंने अपने समर्थकों को सलाह दी कि अगर हम अभी से एक-दूसरे के लिए लडऩे लगेंगे तो यह पंथ के लिए ठीक नहीं होगा। 35 साल बाद कौम ने हमें यह मौका दिया है। ऐसे में हमें आपस में नहीं उलझना चाहिए।
सबरजीत सिंह ने कहा कि जहां तक आगे बढऩे की बात है, तो अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने उन्हें अमृतपाल की शपथ के लिए लोकसभा स्पीकर से मिलने की पहली जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने वह जिम्मेदारी पूरी की। जहां तक पार्टी की बात है, तो मुझे नहीं लगता कि अमृतपाल सिंह जेल में हैं, इसलिए मुझे अपनी पार्टी बना लेनी चाहिए। मुझे लगता है कि जब वह बाहर आएंगे, तो हमें पार्टी की घोषणा कर देनी चाहिए।