लुधियाना17 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : कैलाश नगर रोड स्थित गगनदीप कॉलोनी के इलाके में आरएसएस शाखा के प्रमुख शिक्षक रविंदर गोसाई की हत्या के बाद जिस समय पुलिस टीम मौके पर जांच में जुटी थी। उसी दौरान मॉडल टाउन एक्सटेंशन में छह नकाबपोश लुटेरों ने एक बिजली मुलाजिम को निशाना बनाकर दो लाख रुपये समेत सात लाख 38 हजार रुपये के चेक लूट कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित बिजली मुलाजिम ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित बिजली मुलाजिम राम स्वरूप की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता राम स्वरूप के मुताबिक वह बिजली बोर्ड में कैशियर का काम करता है। दुगरी इलाके में एक एटीएम से रोजाना वह नकदी लाकर मॉडल टाउन एक्सेंटशन स्थित पावरकॉम दफ्तर लेकर जाता था। मंगलवार सुबह करीब दस बजे राम स्वरूप दुगरी स्थित एटीएम से दो लाख रुपये बैग में लेकर जा रहा था तभी तीन बाइक पर आए 6 नकाबपोश लुटेरों ने मॉडल टाउन इलाके में राम स्वरूप को रोक लिया और हथियारों के बल पर उससे बैग छीन लिया। लूटपाट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रामस्वरूप ने बताया कि बैग में चेक भी रखे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच करने में जुटी रही।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
बिजली मुलाजिम रामस्वरूप रोजाना एटीएम से नकदी निकलवाता था। फिलहाल पुलिस अधिकारी आशंका जता रही है कि आरोपियों ने रेकी के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया है। क्योंकि आरोपियों ने मॉडल टाउन जैसे सूनसान इलाके में लूट की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने में पुलिस जुटी हुई है।