चंडीगढ़ | आप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर अमृतसर में हालात तनावपूर्ण बन गए हैं। कई गरमपंथी सिख संगठनों ने आज अमृतसर बंद का ऐलान किया है। उधर दरबार साहिब परिसर में आज अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। दरबार साहिब के हैड ग्रंथी ने अरदास करवाई। इस कार्यक्रमों के आयोजन के बीच खडूर साहिब से सांसद कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर तथा फरीदकोट से सांसद चुने गए सरबजीत सिंह खालसा जब दरबार साहिब पहुंचे तो भारी संख्या में मौजूद नौजवानों ने हाथों में भिंडरावाले के पोस्टर लेकर तलवारे लहराते हुए उनका स्वागत किया। यहां करीब एक घंटे तक खालिस्तानी समर्थकों ने नारे लगाते हुए खालिस्तान की मांग की।
(SUBHEAD)
(MOREPIC1)
अमृतपाल की मां बलविंदर कौर पहले ही वहां से चली गईं लेकिन नए सांसद खालसा ने यहां रहकर एसजीपीसी के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की। आप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर सरबजीत सिंह खालसा व अमृतपाल के परिवार को सम्मानित भी किया गया। अमृतसर बंद की कॉल को देखते हुए यहां पुलिस ने दरबार साहिब की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी की हुई है। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर स्वयं शहर में गश्त की अगुवाई कर रहे हैं। अकाल तख्त साहिब पर अरदास के बाद सिख संगठनों ने दल खालसा के बैनर तले शहर में मार्च भी निकाला। इस दौरान जहां खालिस्तानी नारे गूंजे वहीं कई युवा हाथों में भिंडरावाले की तस्वीरें लिए हुए थे।
2027 में पंजाब में बनेगी पंथक सरकार: ध्यान सिंह मंड
सरबत जत्थेदार ध्यान सिंह मंड आज अपनी टकसाली सेना के साथ दरबार साहिब पहुंचे। मंड ने कहा कि पंजाब के लोगों ने खालिस्तानी विचारधारा को स्वीकार कर लिया है। पंजाब में दो सीटों से पंथक सांसद चुने गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोगों को पंथक विचारधारा के साथ जोड़ा जाएगा। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पंथक सरकार बनेगी और पंथक विधायक पंजाब विधानसभा में बैठे नजर आएंगे।