लुधियाना17 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : केरल के बाद अब पंजाब में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं पर हमले शुरु हो गए हैं। ताजा मामला लुधियाना के गगनजीत कॉलोनी का है जहां पर दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने आरएसएस के वरिष्ठ नेता रवींद्र गोसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना पास की बिल्डिंग में लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार दो बदमाश रवींद्र के गेट के पास आकर रुकते हैं। इसके बाद बदमाश रवींद्र को गोली मारकर वहां से फरार हो जाते हैं। यह घटना मंगलवार सुबह की है। 58 वर्षीय रवींद्र पिछले कई सालों से आरएसएस के मोहन शाखा के मुख्य शिक्षक हैं। इसके अलावा स्थानीय बीजेपी यूनिट के रवींद्र मंडल प्रधान भी हैं।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान इस घटना की जानकारी देते हुए रवींद्र के बेटे दीपक कुमार ने बताया कि रवींद्र बाहर बैठे थे और थोड़ी देर बाद ही वे हमारी दुकान के लिए निकलने वाले थे। जिस समय इस घटना को अंजाम दिया गया, उससे कुछ मिनट पहले ही रवींद्र आरएसएस शाखा से घर लौटे थे। दो लोगों ने पापा को नाम से पुकारा जिसके बाद जैसे ही वो बाहर गए बाइक सवार बदमाशों ने उनपर दो गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक गोली उनके सिर में लगी और दूसरी उनके कंधे पर लगी।
आरएसएस कार्यकर्ता मनमोहन वैद्य ने कहा- कांग्रेस की तुलना भाजपा से करें राहुल गांधी संघ से नहीं दीपक ने कहा की जब यह हादसे हुआ मैं घर के अंदर था। मुझे लगा दीवाली है तो बच्चे बाहर पटाखे जला रहे होंगे और उसी की आवाज आ रही हैं। मुझे नहीं लगा था कि यह गोली की आवाज होगी। मैं बाहर आया तो मैंने पापा को खून से लतपत पाया। इस मामले की शिकायत जोढेवाल पुलिस थाने में दर्ज कराई है। इस घटना पर लुधियाना कमिश्नर आरएन ढोके ने कहा कि हमने मामले की जांच शुरु कर दी है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने इलाके के लोगों से कहा है कि जिस किसी को भी बदमाशों के बारे में कोई सूचना हो तों वे पुलिस को जरुर बताएं और उनकी पहचान को गुप्त रखा जाएगा।