अमृतसर। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे 17वें पाईटैक्स में इस बार पर्यटकों के लिहाज से पुराने सभी रिकार्ड टूट गए। इस बार रविवार को यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में इतना भारी इजाफा दर्ज किया गया कि देररात तक मेले के भीतर प्रवेश करने वालों की लाइनें लगी रही।
(SUBHEAD)
सोमवार को 17वें पाईटैक्स के समापन समारोह के अवसर पर पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंंडस्ट्री पंजाब चैप्टर के चेयर आर.एस. सचदेवा ने बताया कि सात दिसंबर से शुरू हुए पाईटैक्स के दौरान इस बार करीब तीन लाख 35 हजार लोगों ने यह मेला देखा है। पिछले साल पर्यटकों की संख्या करीब दो लाख 60 हजार रही थी। उन्होंने बताया कि पिछले साल जहां करीब 400 स्टाल लगाए गए थे वहीं इस साल यहां स्टाल की संख्या बढक़र 550 तक पहुंची है।
आरएस सचदेवा ने कहा कि यह आयोजन अमृतसर जिला प्रशासन के सहयोग के बगैर संभव नहीं है। उन्होंने जिला उपायुक्त घनशाम थोरी तथा उनकी समूची टीम, पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर व उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब सरकार के अलग-अलग विभागों द्वारा इस मेले को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई गई है।
इस अवसर पर बोलते हुए पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री की क्षेत्रीय निदेशक भारती सूद ने कहा कि पिछले वर्षों के मुकाबले उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि पाईटैक्स अब अमृतसर वासियों का नहीं आसपास के जिलों के लोगों का भी पसंदीदा आयोजन बन रहा है। आने वाले समय में इसका विस्तार किया जाएगा।
समापन समारोह के अवसर पर बेस्ट डिस्पले इंडोर का अवार्ड कजारिया टाइल्स व आउटडोर का अवार्ड मारूति नेक्सा को दिया गया। इसी प्रकार हाईएस्ट फुटफाल का अवार्ड मक-कीन, बेस्ट इंटरनेशनल पार्टीस्पेशन टर्की, बेस्ट फूड कोर्ट निजाम के अलावा नेशनल जूट बोर्ड, जम्मू-कश्मीर ट्रेड प्रमोशन आग्रेनाइजेशन, सिडबी, मार्कफेड,पंजाब एग्रो इंडस्ट्री कारपोरेशन, पंजाब टूरिज़म, वेरका, पीएसआईईसी, पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन,पंजाब मंडी बोर्ड आदि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंजाब चेप्टर के को-चेयर संजीव सेठी, स्थानीय संयोजक जयदीप सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।