चंडीगढ़,। पंजाब में पिछले कई दिनों के घमासान के बाद भले ही सोमवार को चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली लेकिन इसके साथ ही नया विवाद भी शुरू हो गया है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि अगला चुनाव नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। हरीश रावत के इस बयान से पंजाब की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई। इस विवाद में सुनील जाखड़ के भतीजे ने किसान आयोग अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
पंजाब कांग्रेस में रविवार की रात चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सहमति कायम हो गई थी। सोमवार की सुबह जब शपथ ग्रहण की तैयारियां चल रही थी तो कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत का एक बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस नई शुरूआत करने जा रही है। रावत ने कहा कि पंजाब में होने वाले आगामी चुनाव नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे।
हरीश रावत के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि हरीश रावत ने ठीक उसी दिन यह घोषणा की है जिस दिन चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। उनके इस बयान से नए मुख्यमंत्री का अधिकार कमजोर हो सकता है।
सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर कहा कि ‘मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन हरीश रावत का बयान (अगला विधानसभा चुनाव नवोजत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में लड़ा जाएगा) चौंकाने वाला है। उनके इस बयान से मुख्यमंत्री के अधिकार को कमजोर करने की संभावना है।’
(SUBHEAD)
अपने ट्वीट में गॉर्डियन नॉट और अलेक्जेंड्रियन सॉल्यूशन जैसे शब्दों का उपयोग करते हुए जाखड़ ने कहा कि नवीनतम कदम ने न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, बल्कि अकालियों को भी कमजोर कर दिया है।
इस उठापटक के बीच पंजाब किसान आयोग के अध्यक्ष अजयवीर जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अजयवीर पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ के भतीजे हैं। जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में पंजाब में सब्सिडी बंद करने की सिफारिश की थी। अजयवीर की इस रिपोर्ट को अमरिंदर सरकार ने लागू नहीं किया था। हरीश रावत के बयान के बाद पंजाब कांग्रेस में शुरू हुए नए विवाद को समाप्त करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि रावत के बयान का गलत मतलब निकाला गया है। उन्होंने साफ किया कि अगले साल होने वाले चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी तथा नवजोत सिद्धू कांग्रेस का चेहरा होंगे।