चंडीगढ़, 5 अक्टूबर (न्यूज अपडेट इंडिया )-। पंजाब के तरनतारन जिला के कस्बा पट्टी की पुलिस ने एक व्यक्ति से हैरोइन व हथियार बरामद किए हैं। डी.एस.पी. सोहन सिंह ने बताया कि गत रात्रि हरदीप सिंह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा गश्त की जा रही थी। नए बन रहे कोर्ट काम्पलैक्स के पास पुलिस पार्टी ने एक कार खड़ी देखी। इसमें से एक युवक सडक़ किनारे पेशाब कर रहा था। जब पुलिस पार्टी कार के पास गई तो कार सवार 3 युवक कार भगा कर ले गए।
पेशाब कर रहे युवक ने पुलिस को देख एक लिफाफा अंधेरे में फैंक दिया। पुलिस ने उस युवक को काबू कर जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक 32 बोर का पिस्तौल व 3 मैगजीन बरामद हुए। उस द्वारा फैंके गए लिफाफे की जांच करने पर उसमें से 265 ग्राम हीरोइन जिसकी कीमत करीब एक करोड़ 38 लाख रुपए है, बरामद हुई। आरोपी की पहचान बिक्रमजीत सिंह निवासी मगलानी पुलिस थाना वैरोवाल के रूप में हुई। आरोपी बी.एस.एफ. का बर्खास्त किया गया सिपाही है। उस पर बार्डर पर 19 किलो हैरोइन तस्करों के साथ मिलकर सीमा रेखा से पार करवाने के कारण केस दर्ज हुआ था। आरोपी को अदालत में पेश कर उसका 3 दिन का रिमांड लिया गया है।