चंडीगढ़। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय चंडीगढ़ ने आज पंचकूला में सरकार और मीडिया के बीच समन्वय को मजबूत करने हेतु जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से ‘वार्ता-कार्यशाला’ का आयोजन किया।
पंचकूला की एसडीएम मन्नत राणा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर कहा कि सरकारी पहलों के बारे में जानकारी नागरिकों तक सटीक और प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सरकारी एजेंसियों और मीडिया के बीच प्रभावी संचार और समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला।
पीआईबी चंडीगढ़ ने किया नशा मुक्त भारत, ठोस कचरा प्रबंधन और पोषण अभियान पर कार्यशाला का आयोजन
उन्होंने सरकार और मीडिया के बीच मजबूत समन्वय का आह्वान किया। ‘नशा मुक्त भारत’ पर पहले तकनीकी सत्र के दौरान, हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डी एस पी हरविंदर सिंह ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उद्देश्यों और प्रयासों तथा मादक पदार्थों के सेवन से निपटने में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ हरियाणा राज्य एन सी बी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया।
‘ठोस कचरा प्रबंधन’ सत्र को प्रदीप कुमार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ नगर निगम, पंचकूला ने संबोधित किया। उन्होंने लोगों से 4-व्हील प्रणाली में भाग लेने और कचरे को चार श्रेणियों सूखा कचरा, गीला कचरा, संदूषित/सैनेटरी कचरा और बायोमेडिकल एवं खतरनाक कचरे में अलग करने की अपील की।
‘पोषण अभियान’ पर अंतिम सत्र में, पंचकूला की जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती सविता नेहरा ने महिला स्वास्थ्य और पोषण संबंधी परिणामों को बेहतर बनाने में पोषण संबंधी पहलों और जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला, विशेष रूप से वंचित और ग्रामीण महिलाओं तथा बच्चों के बीच।
प्रत्येक विषयगत सत्र के बाद बातचीत और प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिससे मीडिया प्रतिनिधियों को संबंधित विषय विशेषज्ञों से सीधे जानकारी प्राप्त करने और मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला। इस अवसर पर पीआईबी चंडीगढ़ के राजन नाथ द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।