गुरुग्राम। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व जिलाभर में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचने लगीं, कई बहनें तो एक दिन पहले ही आ गई थीं। बच्चों से लेकर बड़ों तक की कलाई पर राखियां सजी। बहनों ने भाईयों की लंबी उम्र की कामना की और भाईयों ने सदैव बहनों की रक्षा का वचन दिया।
शहर के मुख्य सदर बाजार में तरह-तरह की राखियों से दुकानें सजी रहीं। त्योहार से पहले ही ज्यादातर लोगों ने राखी की खरीदारी कर ली थी, फिर भी बाजारों में रौनक बनी रही। हलवाईयों की दुकानों पर मिठाई खरीदने वालों की भारी भीड़ देखी गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशनों पर महिला यात्रियों की खासी भीड़ रही। प्रदेश सरकार ने वोल्वो और एसी बसों को छोडक़र अन्य बसों में महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी।