चंडीगढ़, 21 अगस् - किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का त्वरित गति व प्रभावी ढंग से लाभ प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा एग्रीस्टैक प्लेटफार्म बनाया गया है। प्रदेश में इस प्लेटफार्म पर किसानों का रजिस्ट्रेशन करने का लक्ष्य अगले तीन दिन में पूरा किया जाए। इसके लिए सभी जिलों के उपायुक्त अपने राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को टार्गेट देकर युद्धस्तर पर रजिस्ट्रेशन कार्य पूर्ण करवाएं।
एग्रीस्टैक प्लेटफार्म पर पंजीकृत किसानों को केंद्र व प्रदेश की सभी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से मिलेगा
|
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह निर्देश शुक्रवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में एग्रीस्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा ऑटो म्यूटेशन कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, राजस्व विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, कृषि विभाग के महानिदेशक राजनारायण कौशिक तथा मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव व भूमि चकबंदी एवं भू-अभिलेख के निदेशक डॉ. यशपाल यादव भी मौजूद थे। सभी जिलों के उपायुक्त, डीआरओ तथा उप कृषि निदेशक ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुडे़।
मुख्यमंत्री ने तीनों योजनाओं- एग्रीस्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा ऑटो म्यूटेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन जिलों के उपायुक्तों से जवाब मांगा जिनकी प्रगति धीमी थी। उन्होंने सख्ती के साथ सभी जिलों को 24 अगस्त की शाम तक निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने के आदेश देते हुए कहा कि वे स्वयं 24 अगस्त को कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 को स्वयं समीक्षा बैठक करेंगे। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के काम में जुट जाएं।