पानीपत, 26 जुलाई (तानिया रोहिल्ला)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। कारगिल के रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और पूरी दुनिया को भारतीय सेना की अजय शक्ति का परिचय कराया। उनका बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता रविवार को इसराना के सैनिक भवन बलाना में 27वें कारगिल शौर्य दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों का सम्मान किया। इससे पहले मेजर विजेंद्र जागलान ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जिलापरिषद चेयरमैन ज्योति शर्मा, विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल पीके सिंह, एनसी मेडिकल कालेज इसराना के चेयरमैन धर्मबीर गुप्ता मौजूद रहे।
कारगिल विजय दिवस पर बोली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता - मोदी सरकार ने सैनिकों को दुश्मनों पर कार्रवाई के लिए दी है खुली छूट
कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य का अमर प्रतीक है: डा. अर्चना गुप्ता
वीरो का बलिदान राष्ट्र की अमर विरासत, सैनिकों का सम्मान करना हर भारतवासी का कर्तव्य है: डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने इसराना के सैनिक भवन बलाना में आयोजित 27वें कारगिल शौर्य दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई
|
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सैनिक केवल सीमाओं की रक्षा नहीं करते, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य की रक्षा भी करते हैं। इसलिए सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व भी है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। कारगिल की दुर्गम चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने अपने अद्वितीय साहस से दुश्मन को परास्त कर पूरे विश्व को भारत की सैन्य क्षमता और अटूट संकल्प का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि दुश्मन देश के सैनिकों ने कारगिल की चोटियों पर धोखा से कब्जा कर लिया था। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवान नीचे थे और दुष्मन उपर भी फिर भी हमारे जवानों ने शहादत देकर कारगिल की चोटी पर भारत का झंडा फहराया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का ऋण देश कभी नहीं चुका सकता।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले की सरकारों के शासनकाल में शहीदों का पार्थिव शरीर घर नहीं पहुंच पाता था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने हर शहीद के अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में कराने का अहम निर्णय लिया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने भारतीय सेना को दुश्मनों पर कार्रवाई करने के लिए खुली छूट दी है। उन्होंने कहा कि अब हमारी सेना को पूरी तरह से यह तय करने की छूट होती है कि दुश्मन को कब, कहाँ और किस प्रकार का मुंहतोड़ जवाब देना है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सैन्य शक्ति निरंतर मजबूत हुई है। आज भारतीय सेना आधुनिक हथियारों, अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से सुसज्जित हो रही है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण को अभूतपूर्व गति मिली है। आज भारत रक्षा उत्पादन में लगातार आगे बढ़ रहा है और अनेक रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है, जिससे विश्व में भारत की सामरिक क्षमता और विश्वसनीयता का सम्मान बढ़ा है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सीमा क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का तेज़ी से विकास हुआ है, आधुनिक लड़ाकू विमान, मिसाइल प्रणालियां, ड्रोन, स्वदेशी तोपें तथा नौसेना की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के हितों, उनके परिवारों के कल्याण तथा सीमा सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देना मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति, निर्णायक नेतृत्व और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को गंभीरता से स्वीकार कर रही है। भारत अब केवल अपनी सीमाओं की रक्षा करने वाला देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर शांति, सुरक्षा और स्थिरता का मजबूत पक्षधर भी बनकर उभरा है।
उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के अमर वीरों के जीवन से प्रेरणा लें, राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखें तथा देश सेवा की भावना को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम के उपरांत डा. अर्चना गुप्ता ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक पौधा लगाएं और उनकी देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के लिए व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। पौधारोपण केवल प्रकृति की सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।ं
इस अवसर पर भाजपा किसान सेल के अध्यक्ष समुद्र जागलान, सुनील परढाना, सुबेदार मेजर डा. सतबीर सिंह सहरावत, कैप्टन प्रताप सिंह रमन, पूर्व फौजी रामवीर सिंह जागलान, जय भगवान जागलान, हवा सिंह जागलान, सुबेदार अजीत कुंडु, सुबेदार शमशेर सिंह कुंडु, हवलदार रणबीर सिंह जागलान, हवलदार राजबीर जागलान, हवलदार हरकेश कुमार, हवलदार राजेंद्र व पूर्व सैनिकों के अलावा उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।