चरखी दादरी, 25 जुलाई(तानिया रोहिल्ला) :- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जननायक राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के सभी नेता एकजुटता के साथ युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। राव नरेंद्र सिंह ने यह बात किला मैदान में चल रहे धरने को समर्थन देते हुए अपने संबोधन में कही। इससे पहले उन्होंने अंबेडकर चौक पर डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए राव नरेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे।
किला मैदान में चल रहे धरने को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ दिया समर्थन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने बर्बरता की सभी हदें पार कर दी और अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे निर्दोष व निहत्थे बच्चों पर बेहरमी से लाठीचार्ज करने के साथ अश्रु गैस के गोले दागे। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं को भी बलपूर्वक बंधक बनाया गया। उन्होंने कहा कि जनता इस जुल्म को सहन नहीं करेगी और छात्र- छात्राओं पर पड़ी एक एक लाठी का हिसाब चुकता करेगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में 152 से ज्यादा रिकॉर्ड पेपर लीक हुए हैं। इसी हताशा में युवा सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं लेकिन प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी उनके मन की बात सुनने की बजाए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कुर्सी बचाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि खाली लीपापोती से काम नहीं चलेगा और युवाओं की मांगें पूरी होने तक कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता मजबूती से उनका साथ देगा।
दादरी की बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि दादरी जिले के सभी सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिला मुख्यालय पर कहने को सरकारी कॉलेज है लेकिन अभी तक बिल्डिंग नहीं बनी है। हालात इस कदर गंभीर हैं कि मौजूदा सरकार में हर वर्ग प्रताड़ित हो रहा है जिनके अधिकारों के लिए हम सबको मिलकर संघर्ष करना होगा।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर, डॉ मनीषा सांगवान, किसान नेता राजू मान, ब्लॉक अध्यक्ष सतबीर फोगाट, सुरेंद्र सांगवान, अजीत बबली, अरुण सर्राफ, अमन डालावास, संदीप फोगाट, जोरावर सांगवान, बलजीत फोगाट, देवेंद्र लीला समसपुर, संदीप भगत सिंह, सुरेश पांडवानिया, सुमित शर्मा, रामनिवास पिचोपा, रोहताश खटीक, सुनील दुरेजा, दलीप सिंह सांगवान, धन सिंह शर्मा, दलबीर चिड़िया, रोहताश रोहिल्ला, शीशराम यादव, नरेंद्र दहिया, संजय बिडलान, समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।