डीएलसीसुपवा में कला व डिजाइन प्रदर्शनी को अंतिम रूप देते छात्र।
22 जुलाई, रोहतक। हरियाणवी सांग सम्राट व सूर्य कवि दादा लख्मी चंद की 123वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले साहित्य सम्मान समारोह को लेकर दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) पूरी तरह तैयार है। आज (गुरुवार) दोपहर 2:30 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रोहतक जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी यूनिवर्सिटी का दौरा कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही जरूरी दिशानिर्देश भी दिए।
- 81 साहित्यकारों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज करेंगे सम्मानित
- आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने भी किया यूनिवर्सिटी का दौरा
- फैकेल्टी ऑफ डिजाइन में लगेगी विशेष कला एवं डिजाइन प्रदर्शनी
|
डीएलसीसुपवा और हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को यूनिवर्सिटी परिसर में साहित्य सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में हिंदी, हरियाणवी, संस्कृत, पंजाबी और उर्दू भाषा के 81 साहित्यकारों व विद्वानों को 40 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। साहित्य, संस्कृति, भाषा और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इन साहित्यकारों का चयन अकादमी की साहित्यकार अभिनंदन योजना के तहत किया गया है। चयनित सभी साहित्यकारों व विद्वानों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इनमें दो साहित्यकारों को आजीवन साहित्य साधना सम्मान जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से भी नवाजा जाएगा। दोपहर 2 बजे यूनिवर्सिटी के केंद्रीय सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। समारोह की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने यूनिवर्सिटी का दौरा कर सुरक्षा, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। केंद्रीय सभागार में वीआईपी अतिथियों और आम नागरिकों के प्रवेश के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं।
प्रदर्शनी और रागिनी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
साहित्य सम्मान समारोह के साथ डीएलसीसुपवा की फैकेल्टी ऑफ डिजाइन में कला व डिजाइन की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में फैकेल्टी ऑफ डिजाइन व विजुअल आर्ट्स के छात्रों द्वारा तैयार की गई रचनात्मक कलाकृतियां, डिजाइन प्रोजेक्ट्स और विजुअल आर्ट्स के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन में आने वाले अतिथि, साहित्यकार व दर्शक इस प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर सकेंगे। बुधवार को फैकेल्टी के छात्र व स्टाफ सदस्य पूरे दिन प्रदर्शनी की तैयारियों में जुटे रहे। समारोह में यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र चेतन कौशिक व छात्र योगेश रागिनी के माध्यम से हरियाणवी लोक कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। चेतन कौशिक सूर्य कवि दादा लख्मी चंद के पड़पौत्र हैं और रागिनी प्रस्तुति के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
सुपवा के इतिहास में जुड़ेगा नया अध्याय : डॉ. अमित आर्य
यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने कहा कि सूर्य कवि दादा लख्मी चंद की जयंती पर प्रदेश के साहित्यकारों का सम्मान होना डीएलसीसुपवा परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि हरियाणा की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक व लोक परंपरा का महोत्सव है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक ऐतिहासिक बनाएगी। यूनिवर्सिटी में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रत्येक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप दिया गया है। हमें विश्वास है कि यह समारोह साहित्य, भाषा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा और डीएलसीसुपवा के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।
आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी
यूनिवर्सिटी परिसर में साहित्य सम्मान समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात, अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन व आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। साहित्य सम्मान समारोह के साथ फैकेल्टी ऑफ डिजाइन की कला व डिजाइन की प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। डीएलसीसुपवा का प्रयास है कि आने वाला प्रत्येक साहित्यकार, अतिथि और दर्शक एक सुव्यवस्थित आयोजन के साथ हरियाणा की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत का शानदार अनुभव लेकर जाए।