डीएलसीसुपवा की फैकेल्टी व कंपनी प्रतिनिधियों के साथ कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में चयनित छात्र।
5 जुलाई 2026, रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के तीन छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नौकरी मिली है। यह पहला मौका है, जब सुपवा परिसर से ही किसी इंडस्ट्री ने छात्रों को नौकरी के अवसर प्रदान किए हैं। कैंपस प्लेसमेंट के लिए आए कंपनी प्रतिनिधियों ने यहां के छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उद्योगों की जरूरत के अनुरूप यहां छात्रों को तैयार किया जाता रहेगा।
डिजाइन फैकेल्टी की एफसी डॉ शैली खन्ना ने बताया कि फैशन एंड लाइफस्टाइल डिजाइन व टेक्सटाइल डिजाइन विभाग के छात्रों के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव चलाया गया। प्रतिष्ठित फैशन एवं लाइफस्टाइल ब्रांड मोडा अमांटे और हाइड स्क्वेयर ने प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के पोर्टफोलियो का मूल्यांकन करने के साथ ही व्यक्तिगत साक्षात्कार लिए। इसके लिए क्रिएटिव डायरेक्टर, संस्थापक एवं बाइंग कंसल्टेंट सुश्री स्वाति मिश्रा व मर्चेंट सुश्री काजल चयन टीम का नेतृत्व करते हुए सुपवा पहुंचीं। उन्होंने विभिन्न प्रक्रिया के बाद मोडा अमांटे के लिए ऋषिता व गौतम तथा हाइड स्क्वेयर के लिए ओजस्वी का चयन किया। यह भर्ती उक्त कंपनियों के नोएडा स्थित कार्यालय के लिए असिस्टेंट मर्चेंडाइजर पद पर की गई। तीनों चयनित छात्र-छात्राएं फैशन एंड लाइफस्टाइल डिजाइन विभाग से रहे।
- डिजाइन फैकेल्टी में चला कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव
- असिस्टेंट मर्चेंडाइजर के पद पर हुआ चयन
चयनकर्ता स्वाति मिश्रा ने बताया कि डीएलसीसुपवा के छात्र-छात्राओं ने उनके यहां इंटर्नशिप की थी। इस दौरान उन्हें इनकी प्रतिभा को करीब से देखने का मौका मिला। इनके अंदर अपने सब्जेक्ट पर पकड़ के साथ ही इंडस्ट्री में सीखने की तीव्र इच्छा नजर आई। इंटर्नशिप के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर सराहनीय कार्य किया। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी का दौरा कर यहां कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव चलाने का फैसला लिया। यहां के छात्र-छात्राओं का ड्राइव में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि डीएलसीसुपवा में इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक इन्हें तैयार किया जा रहा है। एफसी डॉ शैली खन्ना ने कहा कि कुलगुरु डॉ अमित आर्य के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। यूनिवर्सिटी के इतिहास में यह पहला मौका रहा, जब कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के जरिए यहां के छात्रों को नौकरी मिली है।
डीएलसीसुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र, उनके माता-पिता व गुरुजनों की इच्छा रहती है कि पढ़ाई खत्म होते ही उन्हें रोजगार मिले। पहली बार किसी इंडस्ट्रीज का सुपवा आना और पहले ही ड्राइव के दौरान तीन छात्रों का चयन होना, सुपवा परिवार के लिए गर्व का विषय है। कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव की जो शुरुआत हुई है, इसे और आगे लेकर जाने की रणनीति तैयार की जाएगी। प्रयास किया जाएगा कि यहां के छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करते ही कैंपस से ही नौकरी के अवसर मुहैया कराए जाएं।