सोनीपत, 1 जुलाई। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा, काउंसलिंग और कक्षाओं के संचालन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। कुलगुरु प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारदर्शी, समयबद्ध और सुविधाजनक प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के प्रवेश प्राप्त कर सके।
डीसीआरयूएसटी में प्रवेश परीक्षा के लिए डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड: कुलगुरु प्रो.सिंह
|
कुलगुरु प्रो. सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मई से 25 जून 2026 तक सफलतापूर्वक संचालित की गई। प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 4 एवं 5 जुलाई 2026 को आयोजित होगी, जबकि परीक्षा परिणाम 10 जुलाई 2026 को https://dcrustmadm.samarth.edu.in वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा।
कुलगुरु प्रो. सिंह कहा कि परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रथम फिजिकल काउंसलिंग 14 जुलाई को प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को 16 जुलाई को रात 11:59 बजे तक निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद द्वितीय फिजिकल काउंसलिंग 20 जुलाई को होगी। अभ्यर्थियों को 22 जुलाई को रात 11:59 बजे तक निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। तृतीय फिजिकल काउंसलिंग 24 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को 26 जुलाई रात 11:59 बजे तक निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने कहा कि यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो विश्वविद्यालय आवश्यकता के अनुसार चौथी, पांचवी व छटी काउंसलिंग का कार्यक्रम भी जारी करेगा। इसकी सूचना समय-समय पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन, सामान्य फिटनेस तथा स्किल एवं गेम प्रदर्शन परीक्षण 14 जुलाई को प्रथम फिजिकल काउंसलिंग के दिन ही आयोजित किया जाएगा।
कुलगुरु प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। परिसर में आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन केंद्र तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
कुलगुरु प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं वैज्ञानिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 27 जुलाई से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी और सभी विद्यार्थी समय पर अपनी कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।
कुलगुरु प्रो. सिंह अंत में सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे समय-समय पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अपडेट अवश्य देखते रहें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर भविष्य प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।