चंडीगढ़,। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक पत्र में कोरोना का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पी.एम.जी.के.ए.वाई.) का लाभ छह महीने और बढ़ाने की अपील की है,जिससे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एन.एफ.एस.ए.) के लाभार्थियों को मुफ्त गेहूँ और दालों की सुविधा मुहैया करवाई जा सके।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि यह विस्तार यकीनी बनाएगा कि गरीब और जरूरतमंद भूखे पेट न सोएं और उनको अपना गुजारा करने के योग्य भी बनाया जा सकेगा।
(SUBHEAD)
मुख्यमंत्री ने मोदी को इस संबंधी भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली मंत्रालय को सलाह देने की अपील की। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के पहले ऐलान के साथ कोरोना के कठिन समय के दौरान एन.एफ.एस.ए. के गरीब लाभार्थियों को हुए लाभ का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए देशव्यापी तालाबंदी से न केवल देश की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ी है बल्कि लोगों की आय और बचत में भी बड़ी कमी आई है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2.60 लाख औद्योगिक ईकाईयों में से 2.32 लाख से अधिक यूनिट चालू हो गए हैं परन्तु पिछले कुछ महीनों के दौरान वेतन के हुए नुक्सान के कारण लोगों खासकर एन.एफ.एस.ए. के गरीब लाभार्थियों की खरीद क्षमता प्रभावित हुई है।