समालखा, 20 जून। समाजसेवी सुरेखा रोहिल्ला ने अपने पति के 63वें जन्मदिवस को सेवा, करुणा और मानवता के संदेश के साथ मनाकर समाज के समक्ष एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने आदर्श गौशाला, चुलकाना रोड, समालखा में पहुंचकर गौमाताओं की सेवा की तथा उनके लिए चारा एवं अन्य आवश्यक सामग्री अर्पित की।
आदर्श गौशाला, चुलकाना रोड समालखा में मनाया जन्मोत्सव, गरीब एवं असहाय परिवारों के बीच बांटी मिठाइयाँ और खाद्य सामग्री
जन्मदिवस के अवसर को विशेष बनाते हुए सुरेखा रोहिल्ला ने गरीब एवं असहाय परिवारों के बीच जाकर मिठाइयाँ, खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के साथ जन्मदिन की खुशियाँ साझा कीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर सुरेखा रोहिल्ला ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखकर समाज और मानवता की सेवा से जोड़ना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता करने और गौसेवा करने से जो आत्मिक संतोष प्राप्त होता है, वह किसी भी उत्सव से बढ़कर है।
गौशाला प्रबंधन एवं उपस्थित लोगों ने सुरेखा रोहिल्ला की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने सुरेखा रोहिल्ला एवं उनके पति को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।