चंडीगढ़:- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) के दामों में तत्काल कमी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और विशेष रूप से अमेरिका-ईरान तनाव का हवाला देकर ईंधन की कीमतों को ऊंचा बनाए रखने का प्रयास करती रही है, लेकिन अब जब दोनों देशों के बीच युद्ध और तनाव की स्थिति समाप्त हो चुकी है तो सरकार के पास कीमतें कम न करने का कोई औचित्य नहीं बचता।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता आने के बावजूद देश की जनता महंगे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का बोझ उठाने को मजबूर है। महंगाई पहले से ही आम लोगों की कमर तोड़ चुकी है और ईंधन की ऊंची कीमतों का सीधा असर परिवहन, खाद्य पदार्थों तथा दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जनता को राहत देने के लिए तुरंत पेट्रोल और डीजल पर करों में कटौती करनी चाहिए तथा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी करनी चाहिए। यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं तो हालात सामान्य होने पर उनका लाभ भी जनता तक पहुंचना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार आम लोगों के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह राजनीतिक प्रचार पर ध्यान देने के बजाय देशवासियों को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए।