चण्डीगढ, 8 जून - हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीर्थ यात्राएं समाज को जोड़ने का महान माध्यम होती हैं। ये यात्राएं हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ती हैं। जब कोई श्रद्धालु तीर्थ स्थानों पर जाता है, तो वह अपने भीतर नई ऊर्जा, प्रेरणा और नई चेतना लेकर लौटता है। मुख्यमंत्री सैनी आज कुरूक्षेत्र से सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना कर रहे थे। ट्रेन में 1100 से अधिक श्रद्धालु जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी संतगणों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री ने देश के तीर्थ स्थलों का विकास, सांस्कृतिक धरोहरों का किया संवर्धन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 मई को नरेन्द्र मोदी सबसे लम्बे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रथम प्रधानमंत्री बन जाएगें। प्रधानमंत्री ने 2014 में देश का नेतृत्व संभाला तब से भारत को नई दिशा देने का कार्य किया है। बुजुर्गों के लिए सोमनाथ की सुखद यात्रा प्रधानमंत्री का आशीर्वाद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीथ स्थर्लों के महत्व को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हमारे अनेक तीर्थों का जीर्णोद्धार करवाया है। हम सब श्रीराम मंदिर के उद्घाटन पर्व के साक्षी रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम का दिव्य और भव्य स्वरूप भी सामने आया है, जिससे प्राचीन काशी की गरिमा पुनः जीवित हुई है। उन्होंने कहा कि आज देशभर के तीर्थ स्थलों का विकास, चारधाम परियोजना, प्रसाद योजना और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से भारत अपनी जड़ों से जुड़ रहा है और यह नए भारत का वह कालखंड है, जहां विकास और विरासत साथ-साथ चल रहे हैं।