28 मई 2026, रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के छात्रों से सजी हरियाणवी फिल्म दूजवर-2 आज रिलीज होगी। ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज ऐप पर फिल्म के जरिए सुपवा के छात्रों की अदाकारी से लोग रूबरू हो सकेंगे। फिल्म में दर्शकों को मजबूरी में बंधे रिश्तों की कहानी करीब से देखने को मिलेगी।
- ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज ऐप पर दिखेगा एक्टिंग से लेकर निर्देशन तक जलवा
- फिल्म में नजर आएगी मजबूरी में बंधे रिश्तों की कहानी
दूजवर-2 में मुख्य किरदार सुपवा की फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के पूर्व छात्रों ने निभाए हैं। इसमें एक्टिंग डिप्लोमा कोर्स साल 2023 के छात्र रहे केशव कादियान, अरूण नारा, निशा शर्मा, मधु व बैचलर इन डायरेक्शन के छात्र रहे आशीष नेहरा मुख्य किरदार रहे हैं।
आशीष फिलहाल सुपवा में ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि दूजवर को मिली सफलता के बाद फिल्म निर्माता ने दूजवर-2 बनाने का फैसला लिया। फिल्म की एडिटिंग सुपवा में बैचलर इन एडिटिंग के 2018 बैच के छात्र रहे ज्ञानेश ने की है, जबकि केशव कादियान ने फिल्म में अभिनय के साथ ही इसका निर्देशन भी किया है।
फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर देवेंद्र दाह हैं, जो सुपवा में बैचलर इन डायरेक्शन 2013 बैच के छात्र रहे हैं। देवेंद्र दाह इससे पहले सन्नी देयोल अभिनीत सुपर हिट फिल्म गदर-2 के सहायक निर्देशक भी रह चुके हैं।
आशीष नेहरा ने फिल्म में मनोज का किरदार निभाया है, जबकि निशा उनकी पत्नी आरती की भूमिका में है। केशव कादियान ने मनोज के भाई सुमित का रोल किया है, तो मधु ने सुमित की प्रेमिका बनी हैं।
कुलगुरु डॉ अमित आर्य कहते हैं कि सुपवा परिवार के लिए यह गर्व का विषय है, जो एक ही फिल्म में सुपवा के इतने पूर्व छात्र किसी न किसी भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्देशक से लेकर एक्टर तक सुपवा के छात्रों की मौजूदगी से पता चलता है कि यह यूनिवर्सिटी भविष्य के एक्टर, डायरेक्टर, एडिटर तैयार कर रही है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सुपवा में छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री की जरूरत के अनुसार शिक्षित व प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे देश-दुनिया में अपने साथ यूनिवर्सिटी व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।