चंडीगढ़, 16 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत पहले दिन शनिवार को गोहाना और सोनीपत जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन सेवा साधना केंद्र, पट्टी कल्याण समालखा पानीपत में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़ी प्रदर्शनी का उद्घाटन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। इस मौके पर गोहाना जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मलिक व सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के अंदर वैचारिक स्पष्टता और कार्य कुशलता विकसित होती है: मोहन लाल बड़ौली
दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन गोहाना और सोनीपत जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन सेवा साधना केंद्र, पट्टी कल्याण समालखा पानीपत में आयोजित हुआ
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने प्रशिक्षण से जुड़ी प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, संगठनात्मक कार्यशैली, सेवा भावना तथा जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों से परिचित कराना रहा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान भाजपा की वैचारिक यात्रा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत और संगठन की कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का काम कर रहे हैं। यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को साकार करने का माध्यम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, संगठन की कार्यशैली से अवगत कराना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है। श्री बड़ौली ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं रहता, बल्कि हर परिस्थिति में समाज के बीच रहकर सेवा कार्य करता है। चाहे आपदा का समय हो, सामाजिक समस्याएं हों या जरूरतमंदों की सहायता, भाजपा कार्यकर्ता हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा दिखाई देता है। यही सेवा भाव पार्टी की पहचान है।
बड़ौली ने कहा कि किसी भी संगठन के विकास के लिए प्रण और प्रशिक्षण दोनों ही अनिवार्य होते हैं। प्रशिक्षण वह प्रक्रिया है जो किसी भी कार्यकर्ताओं के अंदर वैचारिक स्पष्टता और कार्यकुशलता विकसित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भाजपा कार्यकर्ता इसी संकल्प के साथ राष्ट्र सेवा में जुटे हुए हैं। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को और अधिक गति मिल रही है।
गोहाना और सोनीपत जिला प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। अजय महावर ने वैचारिक अधिष्ठान, घनश्याम दास ने पार्टी की कार्य पद्धति, नरेंद्र भारतीय ने कार्यकर्ता विकास, मनीष यादव ने बूथ प्रबंधन, मन की बात, लोकेश नागरू ने विचार परिवार, वेदपाल एडवोकेट ने पार्टी की कार्यपद्धति और शैलेंद्र पांडे ने कार्यकर्ता विकास विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।