पंचकूला। नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर इनेलो प्रत्याशी मनोज अग्रवाल ने भाजपा के संकल्प पत्र पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में मेयर बनने पर झुग्गी पुनर्वास का वादा किया है, लेकिन पिछले दस वर्षों से नगर निगम, प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद झुग्गीवासियों का पुनर्वास क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय वादे किए जाते हैं और फिर पांच साल तक जनता को भुला दिया जाता है।
मनोज अग्रवाल ने शहर की सड़कों और विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंचकूला की सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है, जबकि चार-चार एजेंसियां यहां काम कर रही हैं। इसके बावजूद शहर की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
इसी क्रम में मनोज अग्रवाल ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि इनेलो को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता उन्हें मेयर बनाती है तो सबसे पहले पंचकूला में हुए 160 करोड़ रुपये के कथित गबन का पर्दाफाश किया जाएगा और इसमें शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि शहर में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को पक्का आवास उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, बुनियादी सुविधाओं में सुधार और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। जनसंपर्क के दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों ने मनोज अग्रवाल को समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया।