पंचकूला। नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 3 से आजाद प्रत्याशी बीनू राव ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मंगलवार को सेक्टर-7 में उनके चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिसमें सैकड़ों समर्थकों और वार्डवासियों ने भाग लेकर अपना समर्थन जताया। कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बेनु राव ने कहा कि वार्ड नंबर 3 की जनता बदलाव चाहती है और उन्हें भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वार्डवासी उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर नगर निगम में भेजेंगे। बीनू राव ने कहा कि जीत के बाद वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड में पानी की समस्या, ड्रेनेज व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे लोग परेशान हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस योजना बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड की बदहाल स्थिति को सुधारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बेनु राव ने कहा कि वह एक शिक्षित और जागरूक महिला हैं और हर वर्ग के लोग उनसे उम्मीद लगाए बैठे हैं। समाज और वार्ड कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है, जिन्हें दूर करने के लिए ईमानदार और सक्रिय नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि वार्ड की जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वह वार्डवासियों को इन समस्याओं से निजात दिलाने का काम करेंगी।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान मौजूद समर्थकों ने बेनु राव के पक्ष में नारे लगाए और उन्हें भारी समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे।