पंचकूला। पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और दमखम के साथ अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। चुनावी अभियान के तहत उन्होंने शनिवार को सेक्टर-10, सेक्टर-15, सेक्टर-12, मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित गांधी कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों को संबोधित किया एवं डोर टू डोर जनसंपर्क किया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और बड़ी संख्या में लोग जनसभाओं में शामिल हुए। सुधा भारद्वाज ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में पंचकूला की स्थिति लगातार बिगड़ी है और शहर विकास के मामले में पिछड़ गया है। मूलभूत सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, सड़कों, पार्कों और जनसमस्याओं की अनदेखी की गई है, जिससे आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब पंचकूला को संवारना और शहर को नई दिशा देना हमारा उद्देश्य है। कांग्रेस पार्टी जनता के सहयोग, समर्थन और सुझावों के साथ विकास की नई इबारत लिखेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र जनता की उम्मीदों और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उसी घोषणा पत्र के अनुसार शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन, मजबूत आधारभूत ढांचा, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए अवसर तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंचकूला को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न शहर बनाना कांग्रेस का संकल्प है। जनता का उत्साह और समर्थन यह संकेत दे रहा है कि इस बार बदलाव निश्चित है और नगर निगम में कांग्रेस की जीत तय है। जनसभाओं के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।