चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी निकाय चुनावों के मद्देनज़र गठित घोषणा पत्र समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन एवं विधायक गीता भुक्कल ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य बीबी बत्रा, जसबीर मलौर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ तथा जयवीर आंतिल उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में आमजन को हो रही समस्याओं और उनके व्यवहारिक समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने जमीनी स्तर से मिले सुझावों और अनुभवों को साझा करते हुए जनहित में एक समावेशी और प्रभावी घोषणा पत्र तैयार करने पर जोर दिया।
गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए सांसदों, विधायकों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंचकुला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। इसमें भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करना प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि तैयार किया जा रहा घोषणा पत्र आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और शहरी निकायों के विकास के लिए ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगा। साथ ही इसे जल्द अंतिम रूप देकर सार्वजनिक किया जाएगा।