पंचकूला, 17 अप्रैल 2026: हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा एनसीबी प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस की अध्यक्षता में पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन में राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर की नार्कोटिक्स कंट्रोल इकाइयों के अधिकारियों और प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान नशा तस्करों और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए सभी इकाइयों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। एनसीबी प्रमुख ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ इसे जन आंदोलन का रूप देना भी आवश्यक है, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को पीआईटी-एनडीपीएस के तहत आदतन तस्करों की नजरबंदी, एनडीपीएस मामलों में रिकवरी बढ़ाने, नशा तस्करों की संपत्तियों को अटैच करने और वाणिज्यिक मात्रा के मामलों में वृद्धि करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित मामलों में अधिक से अधिक तस्करों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और अदालतों में मजबूत पैरवी कर सजा दिलाने पर भी जोर दिया गया। एनसीबी प्रमुख ने राज्य की अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी यूनिट सुपरवाइजरी अधिकारियों और इंचार्जों को अपनी टीमों के साथ लगातार अभियान चलाकर ड्रग्स तस्करों और गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जनवरी से अप्रैल 2026 तक की कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करें और नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस रणनीति अपनाएं। अधिकारियों से “नशा मुक्त हरियाणा” मिशन को और प्रभावी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।