चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने अहम कार्रवाई करते हुए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ सतबीर सिंह कादियान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में विभाग की ओर से गुरुवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं। कथित तौर पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान सतबीर सिंह कादियान को हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016 के तहत निर्धारित जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हेड ऑफिस निर्धारित किया गया है।
कादियान के निलंबन का कारण नहीं बताया गया है, लेकिन विभागीय और प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई के पीछे कुछ प्रमुख वजहें मानी जा रही हैं। कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निर्णयों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।
परियोजनाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी अनियमितताओं की प्रारंभिक जांच चल रही थी। विभागीय स्तर पर जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए निलंबन की कार्रवाई की गई है। उच्च स्तर पर लंबित कुछ मामलों में जांच प्रभावित न हो, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया गया।