चंडीगढ़, 14 अप्रैल। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी बैठक में लिए गए निर्णयों को पत्रकारों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में पार्टी स्तर पर चलाए गए प्रशिक्षण महाअभियान, पार्टी का स्थापना दिवस, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अलावा पार्टी की होने वाली नियमित बैठकें, पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम की समीक्षा की गई है।
श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी ने मंत्री और पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। इसके अलावा जहां-जहां उपचुनाव है वहां पर तीन सदस्यीय कमेटी का पहले ही गठन हो चुका है। इस कमेटी में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और महामंत्री को शामिल किया गया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पांच सदस्यीय कमेटी जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां पर 15 और 16 अप्रैल को रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार करेगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से फार्म भी लिए जाएंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव क्षेत्र में वहां के विधायकों, मंत्रियों से भी अलग से चर्चा करेंगे। 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक चुनाव वाले क्षेत्र के हर वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक होगी जिसमें उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और जनता भी कांग्रेस पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है।