गुडग़ांव। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि सरकार ने जनता विरोधी चेहरा दिखाते हुए एक बार फिर से टोल व गैस के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। गुरुग्राम-जयपुर हाइवे के खेडक़ीदौला टोल प्लाजा पर पांच रुपये की बढ़ोतरी करके सीधे 100 रुपये कर दिया गया है, वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के नाम 195 रुपये बढ़ाए हैं। क्या सरकार अब भी खुद को जनहित की, गरीबों की सरकार मानेगी। उन्होंने कहा कि अब तो भाजपा के नेताओं को भी अपनी सरकार के खिलाफ सडक़ पर आना चाहिए। क्योंकि इन टैक्स और बढ़ोतरी के बोझ का असर उन पर भी पड़ेगा।
जनता पर टैक्स का बोझ लादने वाली सरकार ने फिर बढ़ाए टोल व गैस के दाम -अब तो भाजपा नेताओं को भी अपनी सरकार के खिलाफ सडक़ पर आना चाहिए
|
पंकज डावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी टूट नहीं रही और टैक्स लगातार बढ़ाया जा रहा है। साल 2026 में उन्होंने जनता को राहत देने की बजाय आफत ही दी है। इस साल के शुरू के तीन महीने में कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में 500 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। अब 195 रुपये की और बढ़ोतरी कर दी गई है। कॉमर्शियल सिलेंडर का उपयोग बहुत से गरीब लोग ही कर रहे हैं। अब यह सिलेंडर उनकी पहुंच से बाहर हो गया है। लोगों ने लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना शुरू कर दिया है। गैस के साथ-साथ टोल की दरों भी बढ़ा दी गई हैं। पिछले छह महीने में ही यहां टोल की दरों में 20 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। अभी तक 95 रुपये टोल लगता था, अब एक अप्रैल से सीधे पांच रुपये बढ़ाकर टोल टैक्स 100 रुपये प्रति ट्रिप कर दिया गया है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि सरकार टोल हटाने के लिए एक-दो महीने के अंतराल में कुछ ना कुछ बयान देकर जनता को खुश कर देती है, लेकिन नगर निगम के क्षेत्र में से टोल हटाने की बजाय वसूली जारी है। कायदे से नगर निगम के क्षेत्र में टोल होना ही नहीं चाहिए। खेडक़ीदौला टोल एक तरह से शहर के बीच में आ चुका है। मानेसर में भी नगर निगम है। ऐसे में इसे जिला के अंतिम छोर पर लगाया जाना चाहिए। बार-बार घोषणाएं की जाती हैं। टोल हटाने के नाम पर सरकार जनता के साथ छलावा और धोखा कर रही है। कई साल से हटाने की बात कही जा रही है। पंकज डावर ने कहा कि पिछले एक माह में लोहा, स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक व इनसे बने उत्पाद, टाइल व घर बनाने के सामान के दाम 10 से 25 प्रतिशत बढ़ गए हैं। खाने पीने की वस्तुओं व अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ गए हैं।