अंबाला, 31 मार्च: अम्बाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहीदी स्मारक का मंगलवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान शहीदी स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
महानिदेशक ने अब तक पूर्ण हो चुके कार्यों और शेष बचे कार्यों का ब्यौरा लेते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। बैठक के दौरान उन्होंने परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यों में तेजी और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य द्वार के बाहर सफाई व्यवस्था सुधारने तथा एनएचएआई के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही फिनिशिंग कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने परिसर में जलभराव रोकने के लिए लेवल जांचने और मैनहोल को सही स्तर पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
महानिदेशक ने बिजली, सीवरेज और अन्य निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फूड कोर्ट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम भवन का भी निरीक्षण किया और वहां सीटिंग व साउंड सिस्टम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही आर्टवर्क से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक सुझाव दिए।