चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग मामले में कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें समय रहते पता चल जाता कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रास वोटिंग की है और चार विधायकों के वोट रद हुए हैं तो इनेलो के दोंनों विधायक कांग्रेस के अनुसूचित जाति के प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध के पक्ष में मतदान करते।
अभय चौटाला शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अभय चौटाला ने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल के नामांकन के समय इनेलो विधायकों अर्जुन चौटाला और अदित्य देवीलाल के मौजूद रहने का दावा करने वाले निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान को कानूनी नोटिस भेजने की चेतावनी दी है। अभय ने स्पष्अ किया कि या तो देवेंद्र कादियान सबूत पेश करें, वरना उन्हें कोर्ट में माफी मांगनी पड़ेगी।
कांग्रेस विधायकों की क्रास वोटिंग का पता होता तो कर्मवीर बौद्ध को वोट डालते इनेलो विधायक : अभय चौटाला
इनेलो अध्यक्ष ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने किसान हित में लाइसेंस रिन्यू करने के मुद्दे को लेकर 12 मार्च को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कल शनिवार को सुबह 11:30 बजे इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की जानकारी देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को एमएसपी न देनी पड़े, इसलिए लाइसेंस रिन्यू नहीं किए जा रहे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो द्वारा सभी जिलों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। फसल उठान में देरी से किसानों को खामियाजा भुगतना पड़ता है।