चंडीगढ़, 21 मार्च। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रहे हृदयाघात (हार्ट अटैक) के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से जनवरी 2026 तक प्रदेश में 17,973 लोगों की हृदयाघात से मृत्यु होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक स्थिति है। विशेष रूप से 18 से 45 वर्ष के युवाओं में सबसे अधिक मौतें होना समाज और सरकार दोनों के लिए चेतावनी है।
-वर्ष 2020 से जनवरी 2026 तक प्रदेश में 17,973 लोगों की हृदयाघात से मृत्यु होना अत्यंत चिंताजनक -युवाओं में अचानक हृदयाघात के मामलों में बढ़ोतरी के पीछे क्या कारण हैं, यह जानना अत्यंत आवश्यक है
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह स्थिति केवल एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या नहीं बल्कि एक उभरता हुआ जनस्वास्थ्य संकट है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ते मामलों के बावजूद राज्य सरकार इस मुद्दे पर न तो कोई ठोस अध्ययन सामने ला पाई है और न ही कोई स्पष्ट नीति या कार्ययोजना प्रस्तुत कर सकी है, जिससे लोगों में असमंजस और चिंता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में अचानक हृदयाघात के मामलों में बढ़ोतरी के पीछे क्या कारण हैं, यह जानना अत्यंत आवश्यक है। कोविड-19 संक्रमण और उसके बाद हुए टीकाकरण को लेकर भी लोगों के मन में कई सवाल हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और वैज्ञानिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।