चंडीगढ़। हरियाणा में हाल ही में हुई बेमौसम बरसात ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। हरियाणा कि ज्यादातर किसानों की फसलें या तो नष्ट हो चुकी हैं, या नष्ट होने के कगार पर हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर नारनौल एवं दक्षिण हरियाणा के विभिन्न गांवों का दौरा कर किसानों की फसलों का जायजा लिया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई असमय बारिश ने रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल बुरी तरह गिर चुकी है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही बढ़ती महंगाई और लागत के बोझ तले दबे किसानों पर यह प्राकृतिक मार किसी बड़ी आपदा से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान इस समय दोहरी मार झेल रहा है—एक ओर खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाओं का प्रहार। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह तुरंत प्रभाव से स्थिति का संज्ञान लेते हुए राहत कार्य शुरू करे।
राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे हरियाणा के प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र गिरदावरी करवाई जाए और नुकसान का सही आकलन करते हुए किसानों को बिना देरी के उचित एवं पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि जमीनी स्तर पर पारदर्शिता के साथ सर्वे कर वास्तविक पीड़ित किसानों तक राहत पहुंचाई जाए।