चंडीगढ़, 20 मार्च। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देशभर में गैस की किल्लत पर सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि अगर सरकार कोई किल्लत न होने की बात कह रही तो फिर जगह-जगह लोगों की लाइनें क्यों लगी हैं?
पूछा- अगर गैस की कोई कमी नहीं तो लोगों की लाइन क्यों लगी है? बेमौसमी बारिश से हुए किसानों के नुकसान का मुआवजा दे सरकार- हुड्डा
|
हुड्डा ने देशभर की तरह हरियाणा में रसोई गैस की कमी के लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। क्योंकि सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। कई जगह कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह रोक दी गई है, जिसके कारण होटल, रेस्तरां, ढाबे, कैटरिंग और अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय ठप पड़ गए हैं या बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई जगह सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में देरी हो रही है। इसके चलते कालाबाजारी भी चालू हो गई है। ऐसे में सरकार को जनता के सामने एलपीजी की सही स्थिति रखनी चाहिए। हुड्डा अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दो दिन से रुक-रुककर हो रही बेमौसमी बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार को तुरंत गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए।