चंडीगढ़, 18 मार्च- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि जिला झज्जर के बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव तुम्बाहेड़ी, सुबाना, डावला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालयों के भवन मानकों के अनुसार ठीक हालत में हैं।
मंत्री हरियाणा विधान सभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि झज्जर के गांव कासनी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 6 कक्षा का भवन ठीक हालत में है एवं 7 कक्षों का पुनर्निर्माण करवाए जाने की आवश्यकता है। इन कक्षों के पुनर्निर्माण के लिए 12 मार्च 2026 को 89.52 लाख रुपये के अनुमान प्राप्त हुए हैं, जो विभाग में विचाराधीन है। इस संबंध में बजट आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव दादनपुर का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय में मानदंडों अनुसार भवन मौजूद है, जो कि ठीक हालत में हैं। गांव खूंगाई का राजकीय उच्च व प्राथमिक विद्यालय ठीक हालत में है। गांव पेलपा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय ठीक हालत में हैं।