चंडीगढ, 18 मार्च। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सहकारिता मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा द्वारा प्रदेश में भगवान परशुराम पार्क एवं स्मृति स्थल विकसित किए जाने की मांग को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा मंजूरी दिए जाने से प्रदेश भर के ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर दौड गई है। सहकारिता मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी संजीदगी और संवदेनशीलता का परिचय देते हुए रोहतक में भगवान परशुराम पार्क एवं स्मृति स्थल बनाने की घोषणा की है, जिसके लिए सर्व समाज उनका आभार व्यक्त करता है।
विधानसभा में सहकारिता मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने की थी मांग, मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ब्राह्मण समाज ने जताई खुशी, बांटे लड्डू
सहकारिता मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने बजट सत्र के दौरान 9 मार्च को सदन में अपने विचार रखते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर महापुरूषों एवं संतो के विचार के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इस कडी में प्रदेश में चिंरजीवी भगवान परशुराम जी के नाम से पार्क एवं स्मृति स्थल विकसित किया जाए, जिससे उनके अनुयायी एवं आमजन भगवान परशुराम के विचारों से जुड सकें। मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में उनकी मांग को मंजूरी देते हुए रोहतक के सेक्टर 26 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से 4 एकड भूमि पर भगवान परशुराम जी के नाम से पार्क एवं स्मृति स्थल विकसित करने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर से संत, महापुरूषों के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिसके लिए सर्वसमाज सदैव उनका आभारी रहेगा।