समालखा (पानीपत)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की निर्णय लेने वाली सबसे बड़ी बैठक अखिल
भारतीय प्रतिनिधि सभा 13 से 15 मार्च तक समालखा स्थित माधव सृष्टि परिसर में आयोजित
होगी। तीन दिन चलने वाली इस बैठक में देशभर से संघ और संघ प्रेरित संगठनों के कुल 1487
प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख
सुनील आंबेकर ने माधव सृष्टि परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी। इस दौरान
उनके साथ मंच पर उत्तर क्षेत्र के संघचालक पवन जिंदल भी उपस्थित रहे। आंबेकर ने बताया
कि बैठक का शुभारंभ 13 मार्च की सुबह 9 बजे सरसंघचालक डा.मोहनराव भागवत की
उपस्थिति और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले की अध्यक्षता में होगा। इसमें संघ के अखिल
भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्र-प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा संघ प्रेरित 32 संगठनों के शीर्ष
पदाधिकारी भी भाग लेंगे। आंबेकर ने बताया कि इस समय देशभर में संघ शताब्दी वर्ष के
कार्यक्रम चल रहे हैं। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में अब तक देशभर में 10 करोड़ से अधिक घरों तक गृह संपर्क
अभियान के माध्यम से पहुंच बनाई जा चुकी है। अगले दिनों में शेष प्रांतों में यह अभियान
आगे जारी रहेगा। बैठक में संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों पर भी
चर्चा होगी। यह कार्यक्रम 1 फरवरी से अगले वर्ष 20 फरवरी तक पूरे देश में चलेगा और समाज
में समरसता के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को बैठक
के अंतिम दिन सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले प्रेसवार्ता कर बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों
की जानकारी देंगे तथा पत्रकारों के सवालों के जवाब भी देंगे। इस दौरान संघ के अखिल भारतीय
सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी और उत्तर क्षेत्र प्रचार
प्रमुख अनिल कुमार उपस्थित रहे।
समसामयिक सामाजिक मुद्दों पर भी होगा मंथन
बैठक में देशभर से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव साझा
करेंगे। इन अनुभवों के आधार पर वर्तमान सामाजिक चुनौतियों और परिस्थितियों पर भी विचार-
विमर्श किया जाएगा।