गोहाना, 10 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने यूपीएससी परीक्षा में 268वां रैंक प्राप्त करने वाली इशिता शर्मा को उनके निवास स्थान गोहाना पहुंचकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री बड़ौली ने इशिता शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इशिता शर्मा की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस मौके पर भाजपा गोहाना के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मलिक भी उपस्थित रहे।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि खेलों के साथ-साथ हमारे युवा यूपीएससी स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि हरियाणा से काफी संख्या में युवक और युवतियों ने यूपीएससी परीक्षा पास की है। श्री बड़ौली ने कहा कि यूपीएससी की परीक्षा में सफल हुए प्रदेश के सभी युवक व युवतियां बधाई के पात्र हैं।
*हमारे युवा यूपीएससी परीक्षा में सफल होकर हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं : मोहन लाल बड़ौली* *भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने यूपीएससी परीक्षा में 268वां रैंक लाने पर इशिता शर्मा को दी बधाई*
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार ने देश व प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। 2014 से पहले नौकरियों के लिए युवा मंत्रियों व विधायकों के घरों के चक्कर लगाते रहते थे। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से 2014 में भाजपा की सरकार बनी। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरी देने का सिस्टम लागू किया है। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के युवाओं का विश्वास भाजपा सरकार में लगातार बढ़ रहा है। युवा अब मैरिट के आधार पर नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं।