समालखा, 28 फरवरी। प्राचीन सिद्ध श्री श्याम बाबा मंदिर चुलकाना धाम में द्वादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने चुलकाना धाम पहुंचकर बाबा श्याम के चरणों में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर पुजारियों और श्रद्धालुओं ने सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का स्वागत किया। डॉ. शर्मा ने बाबा श्याम के दर्शन कर प्रदेश की उन्नति, किसानों की समृद्धि और समाज में भाईचारे की भावना बनाए रखने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि चुलकाना धाम प्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां आकर श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों पर आकर व्यक्ति को नई ऊर्जा और समाज सेवा की प्रेरणा मिलती है। बाबा श्याम की कृपा से प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और हर वर्ग का कल्याण हो, यही उनकी कामना है।