ऊर्जा मंत्री अनिल विज अपने आवास पर विभागीय फाइलों का निपटान करते हुए।
अम्बाला, 27 फरवरी --हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा है कि प्रशासन की गति फाइलों की गति से तय होती है। यदि फाइलें रुकती हैं तो सरकार के काम रुकते हैं। इसलिए उन्होंने अपने विभागों में स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए।
अंबाला छावनी आवास से मंत्री अनिल विज ने किया फाइलों का निपटान विज के अपने विभागों को स्पष्ट निर्देश- कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए
इसी कार्य संस्कृति का उदाहरण देखने को मिला, जब उनके कार्यालय के वरिष्ठ सचिव श्री विजय शर्मा अंबाला छावनी स्थित ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आवास पर फाइलों के निस्तारण व निपटान हेतु पहुंचे हुए थे। इस दौरान श्री विज ने स्पष्ट निर्देश दिए कि “मेरे दफ्तर का काम/फाइल किसी भी हालत में पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए”। उन्होंने विभागीय फाइलों का अपने आवास से ही निपटान किया। उन्होंने कहा कि ‘‘जनता से जुड़े कार्यों में देरी स्वीकार्य नहीं है और समयबद्ध निस्तारण/निपटान उनकी कार्यशैली की प्राथमिकता है’’। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही तभी सुनिश्चित होती है जब निर्णय प्रक्रिया तेज, स्पष्ट और परिणामोन्मुखी हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं कि सभी प्रस्ताव, योजनाएं और वित्तीय स्वीकृतियां नियमानुसार शीघ्रता से निपटाई जाएं, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
ऊर्जा, परिवहन व श्रम विभागों में तेज निर्णय प्रक्रिया, पारदर्शिता और परिणाम पर फोकस- अनिल विज
श्री विज अक्सर अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह संदेश देते हैं कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं, न कि प्रक्रियाओं में उलझकर काम को टालने के लिए। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, परिवहन और श्रम जैसे विभाग सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़े हैं। इन विभागों की फाइलों में देरी का सीधा असर जनता की सुविधाओं, सेवाओं और योजनाओं पर पड़ता है। उल्लेखनीय है कि ऊर्जा, परिवहन और श्रम विभागों में योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और समय पर निर्णय सुनिश्चित करने की दिशा में श्री विज की कार्य नीति व सिद्धांत सरकार की कार्यकुशलता और सुशासन के संकल्प को दर्शाती है।