चंडीगढ़, 26 फरवरी — हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी के बढ़ने के कारण सरकार ने 10,000 से अधिक आबादी वाले गांवों को महाग्राम का दर्जा दिया है। इन महाग्रामों में शहरों की तर्ज पर सीवरेज प्रणाली और बुनियादी अवसंरचना की व्यवस्था की जा रही है, ताकि ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार हो। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार वीरवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान विधायक विनेश द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि जुलाना—शादीपुर बाजार की मुख्य गलियों में मौजूदा नाले में रुकावट और अवरोध के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। समस्या के स्थाई समाधान के लिए सरकार ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, जींद की अध्यक्षता में एक अंतर-विभागीय समिति का गठन किया है। यह क्षेत्र जुलाना नगरपालिका और ग्राम पंचायत शादीपुर दोनों के क्षेत्राधिकार में आता है। समिति ने सड़कों और नालियों को पुनर्निर्मित करने की सिफारिश की है।
मंत्री पंवार ने बताया कि इस परियोजना में कुल सड़क लंबाई 2,900 फीट है, जिसमें 1,350 फीट शादीपुर गांव की और 1,550 फीट जुलाना नगर समिति के क्षेत्र में आती है। शादीपुर गांव के लिए 68.65 लाख रुपये का अनुमान तैयार किया गया है और यह राशि स्वीकृति के लिए सरकार को भेज दी गई है। मंजूरी मिलने के छह महीने के भीतर कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।