चंडीगढ़, 24 फरवरी – हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि गोहाना शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए 7.791 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण हेतु 238.54 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से भूमि खरीद की प्रक्रिया प्रगति पर है। भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। गंगवा आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक इंदूराज नरवाल द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बाईपास के निर्माण से गोहाना शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, आवागमन सुचारू होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।