जींद, 22 फरवरी - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। पर्यावरण शुद्धि तथा आमजन को सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से 108 कुंडीय महायज्ञ जैसे भव्य आयोजन समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कृष्ण कुमार बेदी गत देर सायं जींद में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में जगतगुरु पीठाधीश चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 हरिओम जी महाराज के सान्निध्य में किये जा रहे 103वें महायज्ञ की महा आरती में शामिल होकर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
पर्यावरण शुद्धि एवं सनातन जागरण के लिए जींद में 108 कुंडीय महायज्ञ का हो रहा भव्य आयोजन
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत की भूमि सदियों से संतों, ऋषि-मुनियों और महापुरुषों की तपोभूमि रही है। भारतीय संस्कृति का मूल आधार अध्यात्म, नैतिकता और मानवता के उच्च आदर्शों पर टिका हुआ है। हमारे संत-महापुरुषों ने अपने उपदेशों, तप और त्याग से समाज को सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाया है। प्राचीन काल से ही भारत में ज्ञान की परंपरा रही है। वेद, उपनिषद, पुराण और महाकाव्य जैसे ग्रंथों ने मानव जीवन को दिशा देने का कार्य किया है।